पच्छाद का युवक मोगीनन्द में चला रहा था अवैध शराब का धंधा, 24 बोतलों के साथ धरा

नाहन : जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ मुस्तैदी दिखाते हुए एक सफलता हासिल की है। शनिवार को पुलिस थाना काला आम्ब की एक टीम कानून व्यवस्था व सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक विश्वसनीय सूत्र से गुप्त सूचना मिली कि मोगीनन्द क्षेत्र में कोनार्क कंपनी के समीप स्थित एक किराए के कमरे में अवैध रूप से शराब बेचने का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए तुरंत मोगीनन्द में बताए गए ठिकाने पर दबिश दी। मौके पर कमरे के भीतर एक व्यक्ति मौजूद पाया गया। पुलिस द्वारा सख्ती से की गई पूछताछ में व्यक्ति ने अपनी पहचान दीपक शर्मा, पुत्र ओम प्रकाश, निवासी चाकली मुन्दड (डाकघर ठाकुर द्वारा, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश) के रूप में बताई।

पुलिस टीम ने जब कमरे की गहनता से तलाशी ली, तो वहां से दो गत्ता पेटियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 24 बोतलें देसी शराब छिपाकर रखी गई थीं। हैरानी की बात यह है कि बरामद की गई इस शराब पर “For Sale In HARYANA Only” (केवल हरियाणा में बिक्री के लिए) मार्का लगा हुआ था, जिसे हिमाचल में अवैध रूप से खपाने की तैयारी थी। पुलिस ने अवैध शराब की खेप को कब्जे में लेकर आरोपी दीपक शर्मा के खिलाफ पुलिस थाना काला आम्ब में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगामी छानबीन जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।