श्री रेणुकाजी झील में डूबे युवक का शव 2 दिनों बाद बरामद, क्षेत्र में शोक की लहर

नाहन : हिमाचल प्रदेश की सबसे बड़ी प्राकृतिक और पवित्र श्री रेणुकाजी झील में डूबे 21 वर्षीय युवक सुमित का शव दो दिनों के कड़े सर्च ऑपरेशन के बाद आखिरकार बरामद कर लिया गया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार सहित पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

मिली जानकारी के मुताबिक, ददाहू क्षेत्र का रहने वाला सुमित झील के किनारे नहाने के लिए गया था। जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। झील के किनारे सुमित के कपड़े और जूते मिलने के बाद उसके पानी में डूबने की आशंका गहरा गई। सूचना मिलते ही रेणुका जी थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

झील की अत्यधिक गहराई और कठिन परिस्थितियों के कारण शुरुआत में बचाव दल को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय स्तर पर सफलता न मिलने पर प्रशासन ने विशेष अभियान के तहत प्रशिक्षित गोताखोरों की मदद ली। पुलिस, प्रशासन और गोताखोरों की संयुक्त टीमों ने दो दिनों तक झील के चप्पे-चप्पे को खंगाला, जिसके बाद सुमित का शव पानी से बाहर निकाला जा सका।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) योगेश रोल्टा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि झील में लापता हुए युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू टीमें लगातार जुटी हुई थीं। कड़ी मशक्कत के बाद शव को बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।