सनवारा टोल प्लाज़ा पर 5.98 ग्राम चिट्टे के साथ सोलन और शिमला के दो युवक गिरफ्तार

Photo of author

By Hills Post

सोलन: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस की एसआईयू टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने टोल प्लाज़ा सनवारा के समीप नाकाबंदी के दौरान दो युवकों को करीब 6 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में से एक सोलन और दूसरा शिमला जिले का रहने वाला है।

जानकारी के अनुसार एसआईयू टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि स्कूटी पर सवार दो युवक नशे की खेप लेकर आ रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने सनवारा टोल प्लाज़ा के पास विशेष नाकाबंदी की और वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान परवाणू की ओर से आ रही एक स्कूटी को जांच के लिए रोका गया।

आरोपियों की पहचान विनय शर्मा (33 वर्ष) पुत्र श्री रमेश शर्मा, निवासी कोटला नाला, जिला सोलन व साहिल चौहान (33 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय श्री मुनि लाल, निवासी गाँव भोलारड़ा, तहसील जुब्बल (शिमला), वर्तमान निवासी टैंक रोड, सोलन के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान इनके कब्जे से 5.98 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त कर लिया है। इनके विरुद्ध पुलिस थाना धरमपुर में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से पुलिस को 04 दिन का रिमांड मिला है।

प्रारंभिक जांच में एक महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है कि आरोपी विनय शर्मा के खिलाफ पहले भी सदर थाना सोलन में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अब दूसरे आरोपी साहिल चौहान के आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है।
रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। मुख्य उद्देश्य नशे की इस सप्लाई चेन का पर्दाफाश करना है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी यह नशा कहाँ से लाए थे और सोलन में इसे किन-किन लोगों को बेचा जाना था।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।