सराहां स्कूल में छात्रवृत्ति वितरण समारोह, ऑल-राउंडर बच्चों को मिला प्रोत्साहन

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : गवर्नमेंट उत्कृष्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सराहां (CBSE) में विद्यार्थियों के शैक्षणिक सहयोग और प्रोत्साहन के उद्देश्य से वार्षिक छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में एसडीएम पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्रा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य डॉ. रणधीर ठाकुर और उप-प्रधानाचार्य राजेश गौतम ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत व अभिनंदन किया। समारोह में जीएसएसएस धारयार कांगड़ के प्रधानाचार्य मनोज शर्मा, जीएचएस लाझोगड़ी के मुख्यध्यापक कृष्ण दत्त शर्मा और एसएमसी अध्यक्ष मोहन सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान डॉ. वी.के. गुप्ता द्वारा प्रतिवर्ष दी जाने वाली वार्षिक छात्रवृत्ति इस वर्ष भी पात्र विद्यार्थियों को बांटी गई। मुख्य अतिथि डॉ. प्रियंका चंद्रा के कर-कमलों द्वारा 12 मेधावी ऑल-राउंडर विद्यार्थियों को ₹2,000 प्रति छात्र की दर से कुल ₹24,000 की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। यह छात्रवृत्ति उन विद्यार्थियों को दी गई जो पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी अव्वल रहते हैं और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से संबंध रखते हैं।

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि स्कूल में ‘CodeYogi’ के माध्यम से एआई (Artificial Intelligence) कोर्स भी सफलतापूर्वक चलाया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक व कोडिंग का व्यावहारिक ज्ञान मिल रहा है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने डॉ. वी.के. गुप्ता के इस निरंतर सहयोग के लिए उनका धन्यवाद जताया और कहा कि इस तरह के प्रयास विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।