नाहन : जिला सिरमौर के माजरा गांव के रहने वाले प्रतिभाशाली युवा शूटर आर्यन सकलानी ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा के दम पर नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। आर्यन ने यह सफलता पटियाला में आयोजित नॉर्थ ज़ोन शूटिंग चैंपियनशिप में ‘शॉटगन ट्रैप इवेंट’ के दौरान हासिल की। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर पुलिस शूटिंग क्लब, धौलाकुआं और पूरे जिले में खुशी की लहर है।
क्वालीफाइंग इवेंट के दौरान आर्यन सकलानी ने बेहतरीन खेल कौशल और धैर्य का परिचय दिया। उन्होंने कठिन प्रतियोगिता के बीच 25 में से 19 टारगेट (बर्ड्स) पर सटीक निशाना साधा और राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप में अपनी जगह पक्की की।

पुलिस शूटिंग क्लब, धौलाकुआं ने आर्यन सकलानी की इस बेहतरीन सफलता पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। क्लब ने आर्यन की कड़ी मेहनत, समर्पण और लगन की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगामी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में और भी बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
आर्यन की यह उपलब्धि सिरमौर जिले में शूटिंग खेल के प्रति बढ़ती रुचि और निखरती प्रतिभा को दर्शाती है। खेल प्रेमियों का मानना है कि उनकी इस सफलता से प्रेरणा लेकर जिले के अन्य युवा भी शूटिंग के क्षेत्र में कदम बढ़ाएंगे और समर्पण के साथ इस खेल को अपनाएंगे।