नाहन : ऊर्जा दक्षता ब्यूरो द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता के लिए पीएम श्री पण्डित दुर्गा दत्त राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारग के दो मेधावी छात्रों का चयन हुआ है। इस बड़ी उपलब्धि से पूरे विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है।
जानकारी के अनुसार, इस वर्ष इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर के लगभग 5,000 विद्यालयों से तकरीबन 21,000 बच्चों ने अपनी एंट्रीज भेजी थीं। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद विभिन्न श्रेणियों में से प्रदेश भर से केवल टॉप 50-50 बच्चों का चयन किया गया है। इनमें पीएम श्री विद्यायल नारग के दो बच्चों छठी कक्षा के आराध्य वीर सिंह और नवीं के भूपेंद्र ने अपनी अपनी श्रेणियों में टॉप 50 में जगह बनाई।

विद्यालय के लिए यह गौरव का क्षण इसलिए भी खास है क्योंकि यहां के बच्चों ने लगातार सातवें वर्ष इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह बनाई है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष इसी विद्यालय की छात्रा प्रियांशी पंवर ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का मान बढ़ाया था। अब ये दोनों होनहार छात्र आगामी 20 नवंबर को शिमला में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
बच्चों की इस सफलता पर विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य जय प्रकाश राही और विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अरुण पंवर ने दोनों नन्हे कलाकारों, उनके अभिभावकों और पूरे विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई दी है तथा आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।