सिरमौर पुलिस की बड़ी कामयाबी: POCSO एक्ट का भगोड़ा आरोपी लुधियाना से गिरफ्तार

नाहन : जिला सिरमौर पुलिस की पीओ सेल (PO Cell) टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने संगड़ाह थाने के तहत दर्ज एक बेहद संगीन मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान पिंकू उर्फ बंटी, पुत्र खजान सिंह, निवासी गांव डबौर, डाकघर टिम्बी, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। आरोपी पुलिस को चकमा देकर राज्य से बाहर छिपा हुआ था, जिसे अब सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पिंकू उर्फ बंटी के खिलाफ वर्ष 2021 में पुलिस थाना संगड़ाह में अभियोग संख्या 96/2021 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 373, 376 (दुराचार) और पोक्सो एक्ट (POCSO Act) की धारा 6 जैसी बेहद गंभीर और गैर-जमानती धाराएं लगाई गई थीं। वारदात के बाद से ही आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, जिसके चलते माननीय न्यायालय द्वारा उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था।

सिरमौर पुलिस की विशेष पीओ सेल टीम लगातार इस वांछित अपराधी की तलाश में जुटी हुई थी। हाल ही में पुख्ता सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर टीम को आरोपी के पंजाब के लुधियाना में छिपे होने का सुराग मिला, जिसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत वहां दबिश देकर उसे धर दबोचा। फिलहाल आरोपी को पुलिस थाना संगड़ाह लाया गया है, जहाँ उसके खिलाफ आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस द्वारा स्थापित नियमों के तहत आरोपी को जल्द ही माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।