सिरमौर पुलिस की बड़ी सफलता: 4 क्विंटल गांजे के मामले में 3 साल से फरार उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार

नाहन : सिरमौर पुलिस की PO Cell टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी युसुफ अली को धर दबोचा है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2021 में करीब 4 क्विंटल गांजा बरामदगी का संगीन मामला दर्ज था, जिसके बाद से वह लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।

जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना पुरुवाला में 31 मई 2021 को दर्ज अभियोग के तहत आरोपी युसुफ अली (निवासी उपरली भंगाणी, तहसील पांवटा साहिब) के कब्जे से लगभग 4 क्विंटल गांजा बरामद किया गया था। इस घटना के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था। मामले की सुनवाई के दौरान माननीय अदालत पांवटा साहिब ने 11 मई 2023 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।

26 जुलाई को पीओ सेल नाहन की विशेष टीम, जिसमें आरक्षी मोहित सैनी, मानक मुख्य आरक्षी विनय और आरक्षी जगपाल शामिल थे, ने एसटीएफ (STF) पुलिस टीम देहरादून में तैनात दीपक चंदोला के सहयोग से एक गुप्त सूचना के आधार पर उत्तराखंड के धर्मावाला चौक के पास योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।

पुलिस को सटीक जानकारी मिली थी कि आरोपी सफेद रंग की XUV-300 गाड़ी (UK07DN7796) में सवार होकर देहरादून से पांवटा साहिब की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नाकेबंदी की और उक्त वाहन को रोककर जांच की। गाड़ी चला रहे व्यक्ति की पहचान युसुफ अली के रूप में हुई, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे पुलिस थाना पुरुवाला के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगामी कानूनी प्रक्रिया और अन्वेषण शुरू कर दिया है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।