नाहन : जिला सिरमौर पुलिस द्वारा भारत सरकार के दूरसंचार विभाग की महत्वाकांक्षी पहल ‘केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर’ पोर्टल का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की रिकवरी में बड़ी सफलता हासिल की जा रही है। इस आधुनिक पोर्टल के माध्यम से पुलिस लगातार ट्रैकिंग और रिकवरी अभियान चलाकर लोगों के खोए हुए कीमती फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचा रही है।
जिला सिरमौर पुलिस द्वारा भारत सरकार के दूरसंचार विभाग की महत्वाकांक्षी पहल ‘केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर’ (Central Equipment Identity Register – CEIR) पोर्टल का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की रिकवरी में बड़ी सफलता हासिल की जा रही है। इस आधुनिक पोर्टल के माध्यम से पुलिस लगातार ट्रैकिंग और रिकवरी अभियान चलाकर लोगों के खोए हुए कीमती फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचा रही है।

पुलिस की यह तकनीकी पहल केवल नागरिकों को उनकी खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराधियों द्वारा चोरी किए गए मोबाइल फोन के संभावित दुरुपयोग को रोकने में भी बेहद कारगर सिद्ध हो रही है। इसी कड़ी में 1 जुलाई 2026 से 5 अगस्त 2026 की संक्षिप्त अवधि के दौरान ही सिरमौर पुलिस ने 18 और गुमशुदा मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए तथा उनके असली स्वामियों को सुपुर्द किए।
सीईआईआर पोर्टल की निरंतर निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और डेटा ट्रैकिंग का मुख्य दायित्व साइबर कमांडो कांस्टेबल प्रदीप द्वारा निभाया जा रहा है। उनके द्वारा किए गए बारीक विश्लेषण के बाद प्राप्त डेटा को जिले के सभी पुलिस थानों में नियुक्त नोडल अधिकारियों को भेजा जाता है। इसके पश्चात थानों के नोडल अधिकारी डेटा की गहनता से जांच करते हैं और लोकेशन ट्रेस होते ही मोबाइल फोन को त्वरित रूप से बरामद कर नागरिकों को सौंपना सुनिश्चित करते हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला सिरमौर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी भी नागरिक का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाता है, तो वे बिना समय गंवाए तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में इसकी सूचना दर्ज कराएं और आधिकारिक CEIR पोर्टल www.ceir.gov.in पर जाकर अपने फोन को ब्लॉक करवाएं। समय पर फोन को ब्लॉक करवाने से उसका कोई भी गलत इस्तेमाल नहीं कर पाता और उसके जल्द से जल्द बरामद होने की संभावना भी कई गुना बढ़ जाती है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि वे अपने मोबाइल का 15 अंकों का IMEI नंबर हमेशा सुरक्षित रखें, जिसे मोबाइल डायल पैड से *#06# डायल करके या फोन के खरीद बिल व डिब्बे से प्राप्त किया जा सकता है। इसके साथ ही पुलिस ने बिना वैध बिल, बिल सत्यापन और असली मालिक की पहचान किए बिना बाजार से कोई भी पुराना या सेकेंड हैंड मोबाइल फोन न खरीदने की सख्त ताकीद की है
एसपी निश्चित सिंह नेगी ने दोहराया कि जिला सिरमौर पुलिस आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग कर आम जनता को सुरक्षित वातावरण और पारदर्शी सेवाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे तकनीक के प्रति जागरूक बनें और मोबाइल फोन गुम होने अथवा चोरी होने की स्थिति में सीईआईआर पोर्टल की सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।