नाहन : जिला सिरमौर में पुलिस सिपाही बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। जिला सिरमौर में पुलिस सिपाही भर्ती प्रक्रिया आगामी 26 अक्तूबर से आधिकारिक रूप से आरंभ होने जा रही है। सिरमौर पुलिस के अनुसार, यह भर्ती प्रक्रिया पुलिस लाइन नाहन में निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित की जाएगी। इस भर्ती रैली में भाग लेने के लिए जिले भर से हजारों अभ्यर्थियों के पहुंचने की उम्मीद है।
भर्ती प्रक्रिया का तिथिवार विवरण देते हुए पुलिस प्रशासन ने बताया कि महिला अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक परीक्षण एवं अन्य प्रक्रियाएं 27 अक्तूबर से 30 अक्तूबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी। इस दौरान कुल 3,314 महिला अभ्यर्थी मैदान में अपना दमखम दिखाएंगी। इसके बाद पुरुष अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया 31 अक्तूबर से शुरू होकर 5 नवंबर 2026 तक चलेगी, जिसमें कुल 6,332 पुरुष उम्मीदवार हिस्सा लेंगे।

त्योहार के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने 29 अक्तूबर 2026 को करवाचौथ पर्व के अवसर पर भर्ती प्रक्रिया को स्थगित रखने का फैसला लिया है। इस दिन कोई भी शारीरिक परीक्षण आयोजित नहीं किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया है कि उन्हें उनके रोल नंबर के अनुसार भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की निश्चित तिथियों तथा अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों के बारे में बहुत जल्द आगामी आधिकारिक प्रेस नोट और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी प्रदान कर दी जाएगी।