नाहन: 30 जुलाई 2026 से शुरू हो रही ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा और मेले को लेकर सिरमौर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। यात्रा के दौरान हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िए सिरमौर जिले के रास्तों से होते हुए हरिद्वार के लिए प्रस्थान करेंगे। पुलिस अधीक्षक (SP) सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारू यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक और पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
SP निश्चित सिंह नेगी के अनुसार जिले के सभी मुख्य रास्तों और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विशेष रूप से गोबिंदघाट, बहराल बैरियर, साहिबजादा बाबा अजीत सिंह चौक (भूपपुर) और नए यमुना पुल जैसे अति-संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। अंतरराज्यीय सीमाओं पर पुलिस द्वारा 24 घंटे नियमित चेकिंग और दिन-रात पैट्रोलिंग की जाएगी। इसके अलावा यात्रा को सुगम और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए सिरमौर पुलिस द्वारा पड़ोसी राज्य उत्तराखंड पुलिस के साथ भी निरंतर समन्वय स्थापित किया गया है।

जिला पुलिस ने लंगर एवं विश्राम शिविर आयोजकों से अपील की है कि वे शिविर सड़क से सुरक्षित दूरी पर तथा सड़क की बाईं ओर ही स्थापित करें, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित न हो। इसके अतिरिक्त धार्मिक भावनाओं और यात्रा की पवित्रता को ध्यान में रखते हुए SP सिरमौर ने राष्ट्रीय राजमार्ग-07 (NH-07) पर स्थित सभी मीट विक्रेताओं से अनुरोध किया है कि वे यात्रा की अवधि के दौरान अपनी दुकानों के बाहर मीट प्रदर्शित न करें।
SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने सभी कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, पैदल चलते समय हमेशा सड़क की बाईं ओर रहने और किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद से दूर रहने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने के लिए जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 01702-222223 जारी किया गया है। सिरमौर पुलिस सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुलभ और मंगलमय यात्रा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।