सिरमौर: मोगीनंद में धोखाधड़ी का केस दर्ज, 1.80 लाख रुपये लेकर परिवार समेत फरार

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : पुलिस थाना काला आम्ब के अंतर्गत मोगीनंद इलाके में विश्वासघात और धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी मुंशी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मोगीनंद निवासी ताज मोहम्मद (पुत्र इकबाल मोहम्मद) ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि मोगीनंद में उनकी करियाना की दुकान है और वे स्थानीय प्राइवेट कंपनियों में लेबर ठेकेदारी का काम भी करते हैं। मूल रूप से बरेली (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला सनी राठौर (पुत्र चोखेलाल) उनकी दुकान और ठेकेदारी में मुंशी का काम करता था। शिकायतकर्ता का कहना है कि वह उसे परिवार के सदस्य की तरह मानता था और दुकान के पैसों का लेन-देन भी कई बार उसी के जरिए करवाता था।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 को उन्होंने दुकान के सामान के लिए 1,80,000 रुपये सुबह के समय सनी राठौर को दिए थे, ताकि वह उन्हें घर पर उनकी पत्नी तबस्सुम को दे सके। उसी दिन दोपहर करीब 3:00 बजे सनी राठौर ने बिना किसी बात के उनके घर जाकर उनकी पत्नी तबस्सुम से वही 1,80,000 रुपये यह कहकर वापस ले लिए कि यह पैसा दुकान पर मंगाया गया है।

कुछ समय बाद जब पीड़ित की अपनी पत्नी से बात हुई, तब उन्हें पता चला कि सनी राठौर घर से नकद रुपये लेकर चला गया है। इसके बाद जब पीड़ित ने मुंशी का फोन नंबर मिलाया, तो उसने फोन नहीं उठाया। छानबीन करने पर पता चला कि आरोपी अपने परिवार के साथ अंबाला रेलवे स्टेशन के लिए निकल गया है।

ASP सिरमौर नरेंदर कुमार ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया की पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी सनी राठौर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।