सिरमौर: HRTC परिचालक सुरेंद्र ठाकुर का दिल का दौरा पड़ने से निधन, फूलों से सजी बस में दी गई अंतिम विदाई

नाहन : हिमाचल पथ परिवहन निगम के उप डिपो राजगढ़ में कार्यरत परिचालक सुरेंद्र ठाकुर का अचानक हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। वे सिरमौर जिला के विकासखंड राजगढ़ की नेहर पाब पंचायत के जुब्बल गांव के निवासी थे। उनके अचानक निधन से पूरे एचआरटीसी परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र ठाकुर लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। स्वास्थ्य संबंधी कारणों से निगम प्रबंधन ने कुछ समय के लिए उन्हें अड्डा प्रभारी की जिम्मेदारी दी थी। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर वे अवकाश पर चले गए थे। हाल ही में छुट्टियां समाप्त कर वे पुनः ड्यूटी पर लौटे थे और उनकी रात्रिकालीन ड्यूटी लगाई गई थी।

रात की ड्यूटी पूरी करने के बाद वे अपने कमरे में विश्राम करने चले गए। सुबह जब एक चालक उन्हें ड्यूटी के लिए बुलाने गया, तो वे अचेत पड़े थे। सहकर्मी उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल राजगढ़ ले गए, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निगम कर्मचारियों ने अपने साथी के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए एचआरटीसी की बस को सुंदर फूलों से सजाया। जिस बस में बैठकर उन्होंने वर्षों तक हजारों यात्रियों को सुरक्षित मंजिल तक पहुंचाया, आज वही बस उनकी अंतिम यात्रा की साक्षी बनी। जब पार्थिव शरीर बस में रखा गया, तो राजगढ़ बस अड्डे पर मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की आंखें नम हो गईं।

सहकर्मियों ने सुरेंद्र ठाकुर को एक अत्यंत विनम्र, अनुशासित और मिलनसार कर्मचारी के रूप में याद किया। उन्होंने बताया कि अपने पूरे सेवाकाल के दौरान यात्रियों के प्रति उनका व्यवहार सदैव सौहार्दपूर्ण रहा।

एचआरटीसी प्रबंधन की ओर से शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए तत्काल सहायता के रूप में ₹10,000 की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। अपनी ही कर्मभूमि (बस) से हुई इस अनोखी और भावुक विदाई का दृश्य लंबे समय तक राजगढ़ क्षेत्र और एचआरटीसी परिवार की स्मृतियों में दर्ज रहेगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।