सोलन: जिला प्रशासन ने आज स्थानीय नगर निगम के सभागार में एक महत्वपूर्ण गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने नगर निगम सोलन के सभी 17 नवनिर्वाचित पार्षदों को उनके पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

उपायुक्त ने सभी वार्डों के पार्षदों को क्रमवार शपथ दिलाई। इसमें पार्षद नीलम (वार्ड 1), सुषमा शर्मा (वार्ड 2), गौरव (वार्ड 3), रोहित भारद्वाज (वार्ड 4) और प्रियंका (वार्ड 5), रेखा साहनी (वार्ड 6), पूजा (वार्ड 7), सुरेंद्र कुमार (वार्ड 8), मीनाक्षी शर्मा (वार्ड 9) और अंकुश सूद (वार्ड 10), सरिता (वार्ड 11), प्रियंका अग्रवाल (वार्ड 12), नरेंद्र कुमार (वार्ड 13), सुलक्षणा (वार्ड 14), अभिषेक (वार्ड 15), सीमा (वार्ड 16) और आरुणा (वार्ड 17) शामिल हैं ।
कोरम की कमी के चलते टला शीर्ष पदों का चुनाव
पार्षदों के शपथ ग्रहण के बाद आज ही महापौर (मेयर) और उप महापौर (डिप्टी मेयर) का चुनाव भी होना तय था, लेकिन जरूरी कोरम पूरा न होने की वजह से यह प्रक्रिया संपन्न नहीं हो सकी। नियमों के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश नगर निगम अधिनियम 1994 की धारा 36 और नगर निगम निर्वाचन नियम 2012 के नियम 81 के तहत, मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए कुल निर्वाचित पार्षदों में से कम से कम तीन-चौथाई पार्षदों की मौजूदगी अनिवार्य है। आज पार्षदों की संख्या इस निर्धारित आंकड़े से कम रहने के कारण चुनाव स्थगित करना पड़ा।
अब 2 जुलाई को होगी अगली बैठक
इस स्थिति को देखते हुए उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने अपनी प्रशासनिक शक्तियों का प्रयोग करते हुए सोलन नगर निगम के महापौर और उप महापौर के चुनाव के लिए नई तारीख का एलान कर दिया है। अब यह बैठक 2 जुलाई 2026 को दोपहर बाद 3:00 बजे नगर निगम के बैठक कक्ष में दोबारा बुलाई गई है।
तय नियमों (नियम 81-ए, 81-बी और 81-सी) के तहत 2 जुलाई को ही पहले महापौर और उसके बाद उप महापौर का चुनाव करवाया जाएगा। उपायुक्त ने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों से अपील की है कि वे इस तय तारीख, समय और स्थान पर बैठक में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। इस खास मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन और नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता कापटा सहित जिला प्रशासन के कई आला अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।