सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन के स्पोर्ट्स क्लब द्वारा कुमारहट्टी स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंतर-महाविद्यालय प्राध्यापक एवं पूर्व छात्र बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का सफल आयोजन किया गया। इस खेल प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के 12 विभिन्न कॉलेजों के लगभग 72 प्रोफेसरों, शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा और ऊर्जा का प्रदर्शन किया।

चैंपियनशिप का औपचारिक शुभारंभ राजकीय महाविद्यालय सोलन की प्राचार्या डॉ. मनीषा कोहली ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस विशेष अवसर पर राजकीय महाविद्यालय सुबाथू के प्राचार्य डॉ. राजिंदर कश्यप विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, सेवानिवृत्त प्राचार्य जे.एस. वर्मा और डॉ. प्रेम भारद्वाज ने भी कार्यक्रम में शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

दिन भर चले रोमांचक मुकाबलों में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं का चयन किया गया। पुरुष वर्ग (45 वर्ष से कम) के एकल मुकाबले में प्रोफेसर रवि राम ने खिताबी जीत हासिल की, जबकि डॉ. अनुपम उप-विजेता रहे। इसी वर्ग के युगल मुकाबले में डॉ. दीपक गुप्ता व प्रो. रवि राम और पी.डी. कौशल व डॉ. धर्मेन्द्र मेहता की जोड़ियों को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया।
45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के एकल मुकाबलों में डॉ. पी.डी. कौशल और डॉ. कुलदीप संयुक्त रूप से विजेता रहे, जबकि युगल वर्ग में राजेश शर्मा और मुनीत लखनपाल की जोड़ी ने बाजी मारी। महिला वर्ग में डॉ. कामिनी शांडिल ने अपने शानदार खेल के दम पर एकल वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मिस विदुषी उप-विजेता रहीं। मिश्रित युगल में प्रो. रवि राम और मिस विदुषी की जोड़ी विजेता रही, जबकि डॉ. कामिनी शांडिल और डॉ. पी.एल. वर्मा की जोड़ी उप-विजेता रही।
महासचिव डॉ. सतीश ठाकुर ने आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस चैंपियनशिप का मुख्य उद्देश्य प्राध्यापकों में शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता लाना और वर्तमान संकाय तथा पूर्व छात्रों के बीच आपसी संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करना है।
समापन समारोह में प्राचार्या डॉ. मनीषा कोहली ने सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके प्रदर्शन की सराहना की। स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष डॉ. दीपक गुप्ता, महासचिव डॉ. सतीश ठाकुर और आयोजन सचिव डॉ. रवि राम ने इस सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों और सहयोगी स्टाफ का धन्यवाद व्यक्त किया।