सोलन कॉलेज परिसर में NCC कैडेट्स द्वारा रोपे गए 200 फलदार पौधे

Photo of author

By Hills Post

सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन में NCC कैडेट्स द्वारा एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या एवं मुख्य अतिथि डॉ. शिवानी शर्मा ने विशेष रूप से शिरकत की। उनके साथ CTO डॉ. भारती गुप्ता और ANO लेफ्टिनेंट डॉ. ईश्वर दत्त शर्मा भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने महाविद्यालय परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में उत्साहपूर्वक लगभग 200 फलदार एवं उपयोगी पौधे रोपे। इन पौधों में अनार, अंगूर, तेजपत्ता, जामुन और आंवला जैसी विभिन्न महत्वपूर्ण प्रजातियां शामिल थीं। ये सभी पौधे साईं इंटर्नल फाउंडेशन, न्यू शिमला, हिमाचल प्रदेश के सौजन्य से उपलब्ध करवाए गए थे।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण को हरा-भरा बनाना, हरित क्षेत्र में वृद्धि करना, जलवायु संतुलन में योगदान देना और विद्यार्थियों तथा कैडेट्स में प्रकृति के प्रति प्रेम और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। सभी एनसीसी कैडेट्स ने न केवल पौधे लगाए, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का दृढ़ संकल्प भी लिया।

प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने इस पर्यावरण-हितैषी पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की और विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए महाविद्यालय प्रशासन की ओर से साईं इंटर्नल फाउंडेशन, न्यू शिमला का विशेष आभार व्यक्त किया गया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।