सोलन कॉलेज में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Photo of author

By Hills Post

सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन की मनोदर्पण समिति द्वारा आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के संयुक्त तत्वावधान में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और भावनात्मक कल्याण के प्रति जागरूक बनाना तथा मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों व संकोच को दूर करना रहा।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से डॉ. वैशाली शर्मा मुख्य वक्ता एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। मनोदर्पण समिति की संयोजक डॉ. गीता नेगी ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत करते हुए विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के महत्व को रेखांकित किया और विद्यार्थियों को अपने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के दौरान मुख्य वक्ता डॉ. वैशाली शर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य पर एक संवादात्मक व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को छिपाने के बजाय समय रहते भावनात्मक कठिनाइयों की पहचान करना और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ परामर्श लेना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और अपनी समस्याओं को बिना किसी संकोच के साझा करने का आह्वान किया। इसके साथ ही समिति की सदस्य एवं मनोविज्ञान की सहायक आचार्य डॉ. त्रिवेणी शर्मा ने विद्यार्थियों के लिए रोचक खेल और गतिविधियां आयोजित कीं, जिनके माध्यम से तनाव प्रबंधन, आत्म-जागरूकता और भावनात्मक संतुलन के व्यावहारिक गुर सिखाए गए।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि योग, सुदर्शन क्रिया, आत्म-प्रेम और सकारात्मक सोच जीवन की बड़ी से बड़ी चुनौतियों का सामना करने में बेहद मददगार साबित होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. मंजू ठाकुर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, मुख्य वक्ता, प्राध्यापकों तथा उपस्थित छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।