सोलन: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध राष्ट्रीय स्तरीय शूलिनी मेले का विधिवत शुभारंभ शुक्रवार से होने जा रहा है। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उनके साथ दून के विधायक रामकुमार चौधरी और अर्की के विधायक संजय अवस्थी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। यह जानकारी उपायुक्त एवं मेला समिति के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने बुधवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान दी।

उपायुक्त ने बताया कि मेले के पहले दिन सुबह 11 बजे माता शूलिनी की पारंपरिक पूजा-अर्चना की जाएगी। दोपहर 2 बजे कचहरी चौक पर मुख्य अतिथि माता की डोली का स्वागत करेंगे, जिसके बाद 2:30 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम 4 बजे से ठोडो ग्राउंड में दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहने वाली पारंपरिक ठोडा खेल प्रतियोगिता शुरू होगी।
सांस्कृतिक संध्याओं में सजेगी सितारों की महफिल
मेले को मनोरंजक बनाने के लिए इस बार नामचीन कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। उपायुक्त ने बताया कि पहली सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड सिंगर पवनदीप राजन, कुमार साहिल और नीतीश राजपूत अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। दूसरी शाम राजेश त्यागी, बीरबल किनौरा, अजू तोमर और अंकुश भारद्वाज के नाम रहेगी। वहीं, तीसरी और अंतिम सांस्कृतिक संध्या में मशहूर पंजाबी गायक जस्सी गिल, बबल राय, हिमाचली कलाकार अनुज शर्मा, स्टैंजिन नोरगेस और कपिल शर्मा मुख्य आकर्षण होंगे। इनके साथ ही स्थानीय कलाकारों और भाषा विभाग से जुड़े प्रदेश के छह जिलों के सांस्कृतिक दलों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
खेलकूद और अन्य प्रतियोगिताएं भी रहेंगी खास
मेले के दूसरे दिन सुबह 11 बजे से खेल कूद गतिविधियां शुरू होंगी। दोपहर 12 बजे पारंपरिक ठोडा नृत्य और दोपहर 3 बजे से महिला व पुरुष पहलवानों के बीच कुश्ती के मुकाबले देखने को मिलेंगे। इस दिन की सांस्कृतिक संध्या में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल मुख्य अतिथि और नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा विशेष अतिथि होंगे।
तीसरे और आखिरी दिन सुबह 9 बजे हेल्दी बेबी शो और 10 बजे डॉग शो का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद खेल प्रतियोगिताओं के फाइनल मुकाबले और दोपहर 3 बजे से कुश्ती के फाइनल दंगल होंगे। समापन समारोह में राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे। मेले के दौरान शतरंज, वॉलीबॉल, टेनिस, खो-खो और कबड्डी जैसी कई खेल प्रतियोगिताएं स्थानीय खेल प्रेमियों के लिए बड़े आकर्षण का केंद्र बनेंगी।