हिमाचल के विराज कांगटा का भारतीय अंडर-18 वॉलीबॉल टीम में चयन

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश के लिए यह बेहद गौरव और सम्मान का पल है। शिमला जिला के नेरवा, चौपाल के गेन गांव के रहने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ी विराज कांगटा का चयन भारतीय अंडर-18 वॉलीबॉल टीम में हुआ है। विराज आगामी 1 जुलाई से 11 जुलाई 2026 तक चीन के शांगलू में आयोजित होने वाली आईएसएफ (ISF) अंडर-18 वॉलीबॉल विश्व चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस बड़ी प्रतियोगिता की तैयारी के लिए आजकल नागपुर में 29 जून तक उनका विशेष प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। बलवंत कांगटा के बेटे विराज की यह सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का विराज कांगटा का यह सफर प्रदेश के हजारों युवा खिलाड़ियों के लिए नई प्रेरणा बनेगा। विराज ने अपनी प्रारंभिक खेल शिक्षा रोहड़ू छात्रावास से हासिल की। अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण की बदौलत वह इससे पहले चार बार राष्ट्रीय स्तर पर भी हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनकी इस सफलता के पीछे अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रशिक्षक देवेंद्र चौहान का विशेष योगदान रहा है, जिनके कुशल मार्गदर्शन और तकनीकी प्रशिक्षण ने विराज के खेल को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।

अधिकारियों और खेल विशेषज्ञों ने दी शुभकामनाएं

खेल विभाग के स्पोर्ट्स डिप्टी डायरेक्टर संतोष चौहान के मार्गदर्शन, प्रशिक्षकों के समर्पित प्रयासों और खुद खिलाड़ी की अथक मेहनत का ही नतीजा है कि आज विराज अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगे का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रदेश के प्रशासनिक और खेल अधिकारियों ने खुशी जाहिर की है। हिमाचल प्रदेश के शिक्षा निदेशक आशीष कोहली (IAS) ने कहा कि प्रदेश के युवाओं की यह सफलता साबित करती है कि हिमाचल की प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने विराज को विश्व चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं।

इसके साथ ही स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव डॉ. अमरजीत सिंह, खेल विभाग के निदेशक संतोष चौहान और टेक्निकल ऑफिसर सुरेंद्र शर्मा ने भी उम्मीद जताई कि विराज विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। खेल विशेषज्ञ राजेश शर्मा, प्रदीप सावंत और जितेश्वर दत्ता का मानना है कि विराज का चयन प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देगा और युवाओं का मनोबल बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर हिमाचल के युवा दुनिया भर में अपनी पहचान बना सकते हैं। समूचे प्रदेश और खेल प्रेमियों ने विराज के सफल प्रदर्शन के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं भेजी हैं।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।