सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में सड़क हादसों को रोकने और लोगों की जान बचाने के लिए पुलिस शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर लगातार सख्ती बरत रही है। इस साल एक मार्च से चार नवंबर तक पुलिस ने ड्रंक ड्राइविंग के आरोप में 2,716 चालान काटे हैं।

मार्च के बाद से पुलिस की इस कार्रवाई में काफी तेजी देखी गई है। आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे ज्यादा 642 चालान अगस्त महीने में और 525 चालान जुलाई में काटे गए। पुलिस पूरे जिले में विशेष नाके लगाकर जांच कर रही है। खास तौर पर रात के समय, वीकेंड और पर्यटन व त्योहारी सीजन के दौरान ब्रेथ एनालाइजर से सघन चेकिंग की जा रही है ताकि नशे में गाड़ी चलाने वालों को पकड़ा जा सके।
सोलन पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे शराब पीने के बाद किसी भी सूरत में गाड़ी न चलाएं। पुलिस का कहना है कि नशे में गाड़ी चलाने से न सिर्फ चालक बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों और पैदल यात्रियों की जान को भी सीधा खतरा होता है। लोगों को सलाह दी गई है कि अगर वे नशा करते हैं, तो गाड़ी चलाने के लिए किसी ऐसे व्यक्ति की व्यवस्था करें जिसने शराब न पी हो या फिर यातायात के किसी अन्य साधन का इस्तेमाल करें। पुलिस ने यह भी साफ कर दिया है कि चेकिंग के दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मियों का सहयोग करें, नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।