श्री रेणुका जी:  डोम का बाग नामक स्थान पर बीती रात करीब अढ़ाई बजे एक अप्लाइड फॉर टिपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में रोनहाट उपतहसील के पनोग गांव के 29 वर्षीय विरेंद्र सिंह पुत्र सूरत राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार संगड़ाह-हरिपुरधार-चोपाल मार्ग पर हुए इस हादसे के बाद बिना किसी को सूचना दिए मौके से फरार चालक के खिलाफ एफ आई आर दर्ज की गई है।

3 माह में 9 लोगों की जान ले चुकी है संगड़ाह की कातिल सड़के।

जानकारी के अनुसार आसपास के लोगों को अगले दिन सुबह दुर्घटना का पता चला, हादसे के बाद समय रहते यदि घायल विरेंद्र को अस्पताल पंहुचाया जाता तो, संभवतः उसकी जान बच सकती थी। हादसे के बाद मृतक का शव निकालने अथवा राहत व बचाव में लगे ग्रामीणों के साथ मौजूद बीडीसी संगड़ाह के पूर्व अध्यक्ष मेलाराम शर्मा सहित क्षेत्र के कईं भाजपा व कांग्रेस नेताओं ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया।

डीएसपी संगड़ाह मुकेश डडवाल ने कहा कि, शुक्रवार दोपहर मृतक का शव पोस्टमार्टम  के बाद परिजनों को सौंपा जा चुका है। उन्होंने कहा कि, घटनास्थल से लापता चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और छानबीन जारी है। संगड़ाह के  कार्यवाहक तहसीलदार मदन लाल शर्मा ने बताया कि, मृतक के आश्रितों को 25000 ₹ की फौरी राहत जारी की गई है। गौरतलब है कि, अब तक एनएच और यहां तक कि स्टेट हाईवे से भी वंचित हिमाचल के पहले मुख्यमंत्री का विधानसभा हल्का रहे रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र अथवा उपमंडल की तंगहाल सड़कों पर जिला सिरमौर व हिमाचल के अन्य हिस्सों की औसत में दुर्घटनाओं मे कहीं ज्यादा लोगों की जान जाती है। गत 3 माह में लोक निर्माण विभाग डिवीजन संगड़ाह की कातिल सड़के 9 लोगों की जान ले चुकी है।

लोक निर्माण विभाग मंत्री  के दावों के बावजूद संगड़ाह की सड़कों में सुधार न होने व यहां विभाग के अधिशासी अभियंता व सहायक अभियंता के पद खाली होने पर स्थानीय व्यापार मंडल व क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों ने सरकार व प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version