हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की स्नातकोत्तर मेरिट सूची में गौतम महाविद्यालय की छात्राओं का दबदबा

Photo of author

By पंकज जयसवाल

शिमला : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला द्वारा जारी स्नातकोत्तर परीक्षाओं की विभिन्न श्रेणियों की मेरिट सूची में गौतम महाविद्यालय, हमीरपुर की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। एमएससी बॉटनी में शिल्पा शर्मा तथा एमएससी फिजिक्स में ईशा कुमारी ने प्रदेश भर में प्रथम स्थान हासिल किया है। दोनों छात्राओं ने लगातार एमएससी के चारों सेमेस्टर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह मुकाम हासिल किया है। विश्वविद्यालय द्वारा आगामी दीक्षांत समारोह में इन्हें स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, अन्य विषयों में भी गौतम महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। एमएससी बॉटनी में सलोनी ने दूसरा और शहनाज ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। एमएससी फिजिक्स में प्राची सिंह ठाकुर और सविता देवी ने प्रदेश में दूसरा तथा सातवां स्थान प्राप्त किया। वहीं, एमएससी जूलॉजी में पलवी वर्मा एवं नेहा पटियाल ने छठा स्थान तथा अंकुश कुमारी ने नौवां स्थान प्राप्त किया। एमएससी केमिस्ट्री की छात्रा सिया कुमारी ने मेरिट सूची में प्रदेश भर में सातवां स्थान हासिल किया।

इन परीक्षाओं में निजी एवं सरकारी महाविद्यालयों के विभिन्न विषयों के लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था। गौतम महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक जगदीश गौतम ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा जारी मेरिट सूची में महाविद्यालय की 10 छात्राओं ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि इन छात्राओं ने अपने माता-पिता, क्षेत्र, शिक्षकों एवं महाविद्यालय का नाम रोशन किया है।

छात्राओं के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर महाविद्यालय प्रबंधन ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। साथ ही, उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed