हिमाचल में कलयुगी मां ने की 8 वर्षीय बेटी की हत्या, आरोपी महिला गिरफ्तार

Photo of author

By पंकज जयसवाल

सोलन : औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के अंतर्गत गांव धखनुमाजरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक प्रवासी महिला द्वारा अपनी ही 8 वर्षीय मासूम बेटी की हत्या कर दी गई।

आज पुलिस थाना बद्दी के तहत गांव धखनुमाजरा में इस वारदात की सूचना मिली। मृतक बच्ची की पहचान 8 वर्षीय दीपिका के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी महिला की पहचान पूनम निवासी गांव नंदगांव, डाकघर महमूदपुर, तहसील आंवला, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही उप पुलिस अधीक्षक बद्दी पुलिस बल और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। डीएसपी बद्दी ने मौके पर मौजूद पुलिस टीम को मामले की जांच के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

मृतक बच्ची के शव को कब्जे में ले लिया गया है, जिसका पोस्टमार्टम कल एम्स (AIIMS) बिलासपुर में करवाया जाएगा।

पुलिस थाना बद्दी में हत्या की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। बद्दी पुलिस मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है। मामले में नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।