मंडी: आजादी के अमृत महोत्सव व स्वर्णिम विजय वर्ष के उपलक्ष पर देश में अनेकों कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में राइजिंग स्टार बायोनेट्स के 16वीं सिख लाइट इन्फेंट्री बटालियन द्वारा शुरू की गई 10 दिवसीय साइकिल यात्रा शनिवार को मंडी से रवाना हो गई। मेजर आदित्य जैसवाल के नेतृत्व में साइकिल यात्रा में शामिल जवान शुक्रवार रात को बिलासपुर से मंडी पहुंचे। यहां रात्रि ठहराव के बाद मंडी से जोगिंदर नगर के लिए रवाना हो गए।

जोगिंदर नगर से यह साइकिल यात्रा धर्मपुर होते हुए जिला हमीरपुर पहुंचेगी।जोगिंदर नगर के लिए रवाना होने से पहले ऐतिहासिक पड्डल मैदान में एनसीसी कैडेट्स को लेफ्टिनेंट अभिषेक संबयाल ने संबोधित किया। उन्होंने एनसीसी कैडेट को भारतीय सेना में होने वाली भर्तियों और देश की सेवा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों के जीवनी से अवगत करवाया। इस मौके पर एनसीसी कैडेट एलएफसी निकिता ठाकुर व पंकज कुमार ने अपने अनुभव सांझा करते हुए कहा कि सेना अधिकारियों ने उन्हें भारतीय रक्षा बलों में शामिल होने के विभिन्न अवसरों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेना अधिकारियों ने उन्हें महत्वपूर्ण जानकारियां दी, जिसका फायदा उन्हें भविष्य में मिलेगा।

भारत-पाक युद्ध के 50वीं वर्षगांठ व आजादी के 75 वर्ष पूरा होने पर यह अभियान चलाया गया है। इस अभियान के तहत 10 दिनों में साइकिल यात्रा के माध्यम से 554 किलोमीटर दूरी तय की जाएगी। इस यात्रा को जेसीओ 29 इन्फैंट्री डिवीजन द्वारा मामून कैंट से बीते 7 फरवरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था जिसका समापन 19 फरवरी को योल कैंट में होगा। 16वीं सिख लाइट इन्फेंट्री बटालियन की साइकिल यात्रा मंडी से रवाना होने से पहले सेना अधिकारियों ने एनसीसी कैडेट्स को दी सेना भर्ती की महत्वपूर्ण जानकारियां दी |

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version