बनकला स्कूल में नशा विरोधी प्रतियोगिता: वंशीका, प्रिया और आर्यन चौहान रहे अव्वल

नाहन : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनकला में हिमाचल ज्ञान-विज्ञान समिति और हिमजनक मंच संस्था के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय नशा विरोधी शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा उपनिदेशक सिरमौर हेमेन्द्र बाली मुख्य अतिथि रहे, जबकि कंवर सिंह नेगी स्रोत व्यक्ति के रूप में उपस्थित रहे।

प्रारंभ में कार्यक्रम समन्वयक प्रवक्ता हरदेव ठाकुर के नेतृत्व में नारा लेखन, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके बाद लोकगायक के.एस. नेगी ने “छोड़ दो चिट्टा रो, जरदा बुरा नशे रा रोग रे…” गीत से श्रोताओं को जागरूक किया।

नशा विरोधी प्रतियोगिता

भाषण प्रतियोगिता में वंशीका ने प्रथम, हर्षप्रीत ने द्वितीय और दिव्यांश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकारी में प्रिया प्रथम, वीरेंद्र द्वितीय और चारू तृतीय रहीं। नारा लेखन प्रतियोगिता में आर्यन चौहान ने पहला स्थान हासिल किया, वैश्नवी दूसरे और अनुपका तीसरे स्थान पर रही।

अंत में छात्रों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक “नशे से टूटा, घर से रूठा” ने सबका मन मोह लिया और नशे के दुष्प्रभावों पर गहरी छाप छोड़ी। विद्यालय प्रधानाचार्या प्रीति तनवर ने मुख्य अतिथि व सभी प्रतिभागियों का आभार जताया। इस अवसर पर सुधा संस्था की निर्देशक प्रेम चौहान व प्रवक्ता नवनीत भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।