APG शिमला यूनिवर्सिटी में कार्डियो कनेक्ट 2026 आयोजित

Photo of author

By Hills Post

शिमला: शिमला विश्वविद्यालय (एपीजी) के स्कूल ऑफ एलाइड एंड हेल्थकेयर साइंसेज के कार्डियोवैस्कुलर टेक्नोलॉजी विभाग द्वारा विश्वविद्यालय के अलख सभागार में कार्डियो कनेक्ट 2026 जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष आयोजन की अगुवाई स्कूल की डीन प्रो. (डॉ.) टीना शर्मा ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के साथ-साथ समाज को हृदय स्वास्थ्य और हार्ट अटैक से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने प्रभावशाली प्रेजेंटेशन, जीवंत मॉडल और लघु नाटकों के माध्यम से हृदय संबंधी बीमारियों के प्रति महत्वपूर्ण संदेश दिया। सरल एवं रोचक ढंग से विद्यार्थियों ने समझाया कि हार्ट अटैक के मुख्य कारण क्या हैं, इसके शुरुआती लक्षण कैसे पहचाने जाएं और आपातकालीन स्थिति में कौन-से प्राथमिक कदम उठाए जाने चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने बदलती जीवनशैली से उपजे जोखिमों पर प्रकाश डालते हुए जंक फूड, नशाखोरी और अत्यधिक तनाव से दूर रहने की सलाह दी। विद्यार्थियों ने नियमित योग, खेलकूद, पौष्टिक आहार, पर्याप्त नींद और सकारात्मक दृष्टिकोण को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिमला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) देवेंद्र शर्मा तथा डीन फैकल्टी प्रो. (डॉ.) अश्वनी शर्मा ने कहा कि हृदय रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम स्वास्थ्य के प्रति सजगता है। उन्होंने कहा कि हृदय रोग और स्ट्रोक वैश्विक स्तर पर चिंता का विषय हैं, लेकिन दैनिक जीवनशैली और खान-पान में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव करके असमय होने वाली मौतों को काफी हद तक रोका जा सकता है। दोनों महानुभावों ने विद्यार्थियों के रचनात्मक मॉडलों और नाटकों के माध्यम से दिए गए संदेश की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

कार्यक्रम में डीन प्रो. (डॉ.) टीना शर्मा ने विश्व हृदय दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रत्येक वर्ष 29 सितंबर को यह दिवस मनाया जाता है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2026 के विश्व हृदय दिवस की थीम Use Heart for Action है, जबकि अभियान का विशेष संदेश Don’t Miss a Beat रखा गया है। यह संदेश हर व्यक्ति को अपने दिल की हर धड़कन की कद्र करने और सरकारों व संस्थानों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने के लिए प्रेरित करता है।

आयोजन के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। हृदय स्वास्थ्य पर आधारित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में प्रथम सेमेस्टर की छात्रा अंशिका ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रथम सेमेस्टर की ही साक्षी ने द्वितीय और श्रद्धा ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।