कौलांवाला भूड़ में पर्यावरण दिवस पर सफाई अभियान और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

नाहन : विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में कौलांवाला भूड़ पंचायत में वन खंड कौलांवाला भूड़, कोटड़ी बीट व भूड़ बीट के तहत त्रिलोकपुर रेंज, वन मंडल नाहन द्वारा एक जागरूकता व वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में वन रक्षक जयप्रकाश शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व और प्लास्टिक उपयोग से होने वाले नुकसान पर प्रकाश डाला। वन रक्षक आरती ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील करते हुए लोगों को प्रकृति से जुड़ने की प्रेरणा दी। उपप्रधान अनिल कुमार और मंडल उपाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि हर व्यक्ति को एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए और जंगलों की अंधाधुंध कटाई को रोकना चाहिए।

इस अवसर पर गांव के लोगों ने मिलकर सफाई अभियान भी चलाया, जिसमें सार्वजनिक स्थलों, रास्तों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की गई। सफाई अभियान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया गया और गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाने की प्रेरणा दी गई।

इस अवसर पर वन मित्र आदर्श ठाकुर, वन मित्र प्रीतीका शर्मा, पंचायत उपप्रधान अनिल कुमार, नाहन मंडल उपाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर, मनोज कुमार, सुरेन्द्र कुमार, फायर वॉचर तकी मुहम्मद, वार्ड सदस्य जीवन लाल, कंवरपाल, भगवान दास, नीलम कुमारी, मोंटू भगत, विवेक भगत सहित अनेक ग्रामीण व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में पौधरोपण किया गया और सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि वे न केवल पर्यावरण को बचाने के लिए कार्य करेंगे, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।