हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकार बनने पर बंद नहीं होगी OPS बोले जयराम ठाकुर

Photo of author

By संवाददाता

शिमला: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आज शिमला में आयोजित एक प्रेस वार्ता में कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस OPS के मामले में प्रदेश के कर्मचारियों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस द्वारा लोगों को कहा जा रहा हैं कि भाजपा सरकार बनने पर OPS बंद कर दी जाएगी। ठाकुर ने उदाहरण देते हुए कहा कि राजस्थान में भाजपा ने OPS को बंद नहीं किया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनने पर OPS बंद नहीं किया जाएगा।

बंद नहीं होगी OPS

जयराम ठाकुर ने बीते दिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की एक संयुक्त पत्रकार वार्ता में लगाए आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस के यह त्रिदेव पिछले दिनों हुए राजनीतिक घटनाक्रम से परेशान हैं और अब बार-बार भाजपा पर सरकार को अस्थिर करने के आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान भी जानता है कि हिमचाल का घटनाक्रम प्रदेश पार्टी नेतृत्व की असफलता है। कांग्रेस के पर्यवेक्षकों ने भी अपनी रिपोर्ट में इस बात का विवरण दिया है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि कांग्रेस सरकार हिमाचल की महिलाओं को वास्तव में 500 रुपए महिला सम्मान निधि देना चाहती तो वह बजट में इसका प्रावधान करती। उन्होंने कहा कि इसके बारे में सरकार ने समय पर नहीं सोचा और अब चुनावों के समय 3000 रुपए देने की बात कही जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विक्रमादित्य को भी सलाह दी कि उन्हें व्यक्तिगत आरोप लगाने से बचना चाहिए। जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हुए घटनाक्रम के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए ।