शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने राजधानी शिमला में 108.16 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन प्रमुख विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कर शहरवासियों व पर्यटकों को बड़ी सौगात दी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक रिज मैदान के सुधार एवं स्थिरीकरण कार्यों का औपचारिक लोकार्पण किया, जिस पर 66.81 करोड़ रुपये की राशि व्यय की गई है। इन तकनीकी व सुदृढ़ीकरण कार्यों का मुख्य उद्देश्य ऐतिहासिक रिज के धंसने की पुरानी समस्या का स्थायी समाधान करना और इस महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल की संरचना को मजबूती प्रदान करना है।

शहर में नागरिक सुविधाओं का विस्तार करते हुए मुख्यमंत्री ने पुराने बस अड्डे के समीप श्री गुरुद्वारा साहिब के पास 6.85 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भी उद्घाटन किया। इस नई सुविधा से स्थानीय निवासियों, दुकानदारों तथा परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को बेहतर सहूलियत मिलने के साथ-साथ क्षेत्र में पार्किंग की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने बालूगंज के समीप पशु पड़ाव में शिमला नगर निगम के कर्मचारियों के लिए 34.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सर्वसुविधायुक्त आवासीय परिसर की आधारशिला रखी।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि विश्व पर्यटन मानचित्र पर शिमला की एक विशिष्ट पहचान है और इसकी प्राकृतिक सुंदरता व ऐतिहासिक स्वरूप को अक्षुण्ण रखते हुए आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करना राज्य सरकार की मुख्य प्राथमिकता है। पूर्व सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने पर्याप्त बजट का प्रावधान किए बिना ही केवल शिलान्यास करने की राजनीति की थी, जबकि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने इन सभी जनहितकारी परियोजनाओं को पूरा करने के लिए आवश्यक बजट का प्रावधान सुनिश्चित किया है। उन्होंने बताया कि शिमला में यातायात की गंभीर समस्या को दूर करने के लिए सर्कुलर रोड को डबल लेन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने भविष्य की विकास योजनाओं का ब्यौरा देते हुए बताया कि राज्य सरकार 600 करोड़ रुपये की लागत से सब्जी मंडी क्षेत्र में एक आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कर रही है। इसके साथ ही छोटा शिमला से सीटीओ तक 150 करोड़ रुपये की लागत से भूमिगत यूटिलिटी डक्ट्स बिछाने का कार्य भी प्रगति पर है, जिससे शहर के बिजली व अन्य तारों के जाल से मुक्ति मिलेगी। इस गरिमामयी अवसर पर स्थानीय विधायक हरीश जनारथा, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, विभिन्न वार्डों के पार्षद, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह तथा नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल सहित कई प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।