नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना रेणुका जी की टीम ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक घर के पास छापेमारी कर अवैध शराब और लाहण बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बीते कल पुलिस थाना रेणुका जी की एक टीम जटोन क्षेत्र में गश्त और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि धारटारन का रहने वाला राम दत्त अपने घर के समीप बने टीन शेड में अवैध रूप से कच्ची शराब निकालने (भट्टी चलाने) का काम करता है। सूचना में यह भी बताया गया कि यदि तुरंत छापेमारी की जाए तो अवैध शराब का यह कारोबार पकड़ा जा सकता है।

प्राप्त गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बताए गए ठिकाने पर अचानक दबिश दी। टीन शेड की गहन तलाशी लेने पर पुलिस को मौके से 2 बोतल अवैध शराब और शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली 10 लीटर कच्ची लाहण बरामद हुई।
पुलिस ने बरामद की गई लाहण और अवैध शराब को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस थाना रेणुका जी में आरोपी राम दत्त निवासी धारटारन के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है तथा मामले में आगामी जांच जारी है।