शिमला: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही कम वोल्टेज और बिजली कटों की समस्या का अब स्थायी समाधान हो गया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज प्रदेश सचिवालय से वर्चुअल माध्यम से 7.54 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से सुजानपुर में नवनिर्मित 33/11 के.वी. विद्युत उप-केन्द्र पटलांदर का ऐतिहासिक शुभारम्भ किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि बिजली के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत चबुतरा से अंसला तक लगभग 7.2 किलोमीटर लंबी 33 के.वी. एच.टी.एस.सी. लाइन बिछाई गई है। इससे इस नए उप-केन्द्र को सुदृढ़ एवं निरंतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इस आधुनिक सब-स्टेशन के चालू होने से सुजानपुर क्षेत्र की कुल 16 ग्राम पंचायतोंपटलांदर, रंगर, चौरी, अंसला, भगोल, चमियाना, दुहाक, सौद, भटेरा, पनोह, धैल, जियार कसीरी, पीपल, टिक्करु, सपाहल तथा आसपास के तमाम गांवों के लगभग 14,000 स्थानीय निवासियों को सीधे तौर पर उच्च गुणवत्तापूर्ण व निर्बाध बिजली का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
आपात स्थिति के लिए भी की गई वैकल्पिक व्यवस्था
तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस नए विद्युत उप-केन्द्र से मुख्य रूप से 11 के.वी. कोट चौरी, सुजानपुर, पटलांदर तथा पलाई फीडरों को सुचारू बिजली दी जाएगी। आपातकालीन स्थितियों या तकनीकी खराबी के दौरान भी क्षेत्र में अंधेरा न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर इस उप-केन्द्र को 33 के.वी. विद्युत उप-केन्द्र टौणी देवी तथा 33 के.वी. विद्युत उप-केन्द्र सुजानपुर से भी इंटर-लिंक (जोड़ा) किया गया है। इस लूप सिस्टम के कारण किसी भी आपात स्थिति में सुजानपुर क्षेत्र में बिना किसी रुकावट के बिजली चालू रखी जा सकेगी।
बिजली की बर्बादी रुकेगी और लो-वोल्टेज से मिलेगी मुक्ति
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रेखांकित किया कि इस सब-स्टेशन के बनने से सुजानपुर क्षेत्र में भविष्य में बढ़ने वाली बिजली की मांग को आसानी से पूरा करने में मदद मिलेगी। चूंकि अब ट्रांसमिशन लाइन की लंबाई कम हो गई है और सभी फीडर आपस में जुड़ चुके हैं, इसलिए तकनीकी स्तर पर होने वाले लाइन लॉस (विद्युत हानि) में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। यह सब-स्टेशन क्षेत्र के लोगों की बरसों पुरानी लो-वोल्टेज की समस्या को जड़ से खत्म कर देगा। मुख्यमंत्री ने स्थानीय विधायक रणजीत सिंह राणा की पीठ थपथपाते हुए कहा कि वे समय-समय पर सुजानपुर की जनता की समस्याओं को लेकर लगातार उनके पास आते थे, जिसके बाद राज्य सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर बजट का विशेष प्रावधान कर इस कार्य को तेजी से पूरा करवाया। उन्होंने यह भी साझा किया कि वे व्यक्तिगत तौर पर सुजानपुर आकर जनता के बीच इसका उद्घाटन करना चाहते थे, परंतु खराब मौसम और बरसात के चलते यह संभव नहीं हो पाया।
विधायक ने जताया आभार, शिमला-हमीरपुर से जुटे गणमान्य
इस ऐतिहासिक सौगात पर सुजानपुर में मौजूद विधायक रणजीत सिंह राणा ने मुख्यमंत्री का सहृदय आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन 16 पंचायतों के लोग बिजली की समस्या से त्रस्त थे और मुख्यमंत्री ने इस मांग को पूरा करके सुजानपुर के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है।