नाहन: चौगान मैदान में 28 से 31 अक्टूबर तक लगेंगे आतिशबाजी के स्टाल

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : आज नाहन में दीपावली की तैयारियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता एसडीएम राजीव संख्यान ने की। बैठक में भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और बाजारों में आतिशबाजी बेचने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। इसका उद्देश्य बाजारों में भीड़ को नियंत्रित करना और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। आतिशबाजी की बिक्री केवल नाहन के चौगान मैदान में की जाएगी, जहाँ 28 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक स्टाल लगाए जाएंगे।

एसडीएम ने नगर परिषद को निर्देश दिया कि स्टालों के बीच सुरक्षा की दृष्टि से कम से कम 20 फुट की दूरी रखी जाए ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके। इसके साथ ही चौगान मैदान में लगे फायर हाईड्रेंट्स (अग्निशमन यंत्रों) की स्थिति की जांच करने और सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन विभाग को उचित निर्देश जारी किए गए। अगर किसी भी हाईड्रेंट्स में कोई खामी पाई जाती है, तो उसे तुरंत जल शक्ति विभाग की सहायता से ठीक करवाने का प्रावधान किया गया है।

राजीव संख्यान ने बताया कि व्यापारी मंडल की ओर से यह मांग की गई है कि चौगान मैदान के अंदर पार्किंग की व्यवस्था की जाए ताकि आतिशबाजी खरीदने आने वाले लोग अपनी गाड़ियां मैदान में ही पार्क कर सकें। इस सुझाव पर पुलिस विभाग के साथ चर्चा के बाद निर्णय लिया जाएगा, ताकि पार्किंग की सुविधा से कोई अव्यवस्था या असुरक्षा न हो।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed