GHS कानसर में HIMCOSTE के तत्वाधान में पर्यावरण शिक्षा व ‘मिशन लाइफ’ पर कार्यशाला आयोजित

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : शिक्षा खण्ड माजरा के अंतर्गत धारटीधार क्षेत्र के राजकीय उच्च विद्यालय कानसर में हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद (HIMCOSTE) के तत्वाधान में पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम 2026-27 के अंतर्गत विद्यालय स्तरीय अध्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा समेकित ‘मिशन लाइफ’ प्रोजेक्ट का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य अध्यापकों के माध्यम से विद्यार्थियों और जन-सामान्य में पर्यावरण संरक्षण, टिकाऊ जीवनशैली और जैविक अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यशाला में बतौर मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता शामिल हुए सीडीपीओ नितीश भारद्वाज ने अपने विचार व्यक्त करते हुए दैनिक जीवन में ईको-फ्रेंडली वस्तुओं के उपयोग पर विशेष बल दिया। उन्होंने उपस्थित अध्यापकों व प्रतिभागियों से प्लास्टिक का उपयोग कम से कम करने और पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को अपनाने का आग्रह किया।

वन विभाग की ओर से उपस्थित हुए डिप्टी रेंजर वीरेंद्र ठाकुर ने प्रशिक्षण सत्र के दौरान अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने वन्य जीवों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने पर जोर दिया। वीरेंद्र ठाकुर ने प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से ‘सीड बॉल’ बनाने की तकनीक और पक्षियों के प्राकृतिक घोंसले तैयार करने व उनके संरक्षण पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।

हिमाचल प्रदेश कृषि विज्ञान केंद्र धौलाकुआं के सेवानिवृत्त प्रिंसिपल वैज्ञानिक सह-निदेशक डॉ. सुखदेव पलियाल ने वर्मीकम्पोस्टिंग, जैविक कचरा प्रबंधन, ई-कचरा (E-Waste) के सुरक्षित निपटारे और जल संरक्षण जैसे अति-महत्वपूर्ण विषयों पर तकनीकी एवं व्यावहारिक विचार साझा किए। इसके अलावा, शिल्पकार जगदीश सिंह ने क्राफ्टिंग के माध्यम से पारंपरिक कला का बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसमें उन्होंने लकड़ी से बनाए गए विभिन्न पारंपरिक उपकरणों को प्रदर्शित कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यशाला में रिसोर्स पर्सन्स के अलावा विभिन्न विभागों से आए कर्मचारी सुशील तोमर, शुभम तोमर, ज्योति कुमारी, सुखदेव सिंह, आशा शर्मा, नरेश शर्मा, विनोद शर्मा और पवन शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विद्यालय के मुख्याध्यापक हिमांशु भारद्वाज, विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के अध्यक्ष राजकुमार नेगी और इको क्लब प्रभारी नेहा शर्मा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में मुख्य भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त विद्यालय के शिक्षक रमन ठाकुर, किशोर भारद्वाज, अनिल शर्मा, कल्पना देवी, बबिजा शर्मा, आदित्य कुमार तथा सेवादार सोमदत्त शर्मा सहित समस्त स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।