गिरीपार के मंजीत ने बिना कोचिंग पास की एलाईड सर्विस, बने उद्योग विभाग में अधिकारी

नाहन : सिरमौर जिला के छोटे से गांव माशू के रहने वाले मंजीत सिंह ने यह सिद्ध कर दिया है कि मजबूत इरादों और सतत मेहनत से किसी भी लक्ष्य को पाया जा सकता है। मंजीत ने हिमाचल प्रदेश की प्रतिष्ठित एलाईड सर्विस परीक्षा पास कर प्रदेश के उद्योग विभाग में एक्सटेंशन ऑफिसर के पद पर नियुक्ति प्राप्त की है।

मंजीत, जगत सिंह और पार्वती देवी के पुत्र हैं। उनके पिता जेबीटी शिक्षक हैं, जबकि माता गृहणी हैं। मंजीत की प्रारंभिक शिक्षा उनके गांव माशू और राजकीय आदर्श माध्यमिक विद्यालय, अम्बोया में हुई। इसके बाद उन्होंने स्नातक की पढ़ाई गवर्नमेंट कॉलेज पांवटा साहिब से पूरी की।

एलाईड सर्विस

वर्तमान में मंजीत शिमला विश्वविद्यालय के छात्र हैं और बी.एड. चौथे सेमेस्टर में अध्ययनरत हैं। विश्वविद्यालय के छात्रावास में रहते हुए ही उन्होंने बिना किसी कोचिंग के पूरी तरह स्वअध्ययन के बल पर एलाईड सर्विस परीक्षा की तैयारी की।

उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा गांव गौरवांवित है। स्थानीय लोग उन्हें आज की युवा पीढ़ी के लिए मिसाल मानते हैं। उनके अध्यापक बताते हैं कि मंजीत शुरू से ही मेहनती, अनुशासित और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्र रहे हैं।

मंजीत की सफलता यह संदेश देती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद ईमानदार प्रयास और समर्पण से किसी भी मुकाम तक पहुँचा जा सकता है। वे अब समाज के लिए न सिर्फ एक अधिकारी हैं, बल्कि एक प्रेरणा का प्रतीक भी बन चुके हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।