नाहन: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धौन के जमा दो के परीक्षा परिणाम ने इस बार नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। स्कूल का परिणाम न केवल 100% रहा, बल्कि गुणवत्ता के मामले में भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, स्कूल के कुल 14 छात्र परीक्षा में बैठे थे, जिनमें से 13 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का लोहा मनवाया है
स्कूल की छात्रा कृतिका ने 500 में से 455 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं, रवीशा ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए 437 अंक लेकर स्कूल में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा, अनुराग ने 413 अंक हासिल कर तीसरा स्थान झटका है।

इस वर्ष के परिणाम की सबसे बड़ी विशेषता राजनीति विज्ञान (Political Science) विषय रहा। इस विषय में कुल 14 में से 7 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। इसके अलावा, कुल 11 विद्यार्थियों ने राजनीति विज्ञान में ‘डिस्टिंक्शन’ (Distinction) हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जिस पर प्रिंसिपल राकेश शर्मा ने प्रवक्ता यशपाल ठाकुर के सफल मार्गदर्शन की सराहना की। इस शानदार उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए प्रिंसिपल ने सभी सफल विद्यार्थियों, अभिभावकों और मेहनती स्टाफ को बधाई दी और कहा कि एक छोटे से गांव के बच्चों ने सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है और वे भविष्य में भी स्कूल का नाम रोशन करेंगे।
इस बेहतरीन परिणाम के बाद स्कूल में जश्न का माहौल है और स्थानीय ग्रामीणों ने भी स्कूल के स्टाफ की सराहना की है।