Jaypee यूनिवर्सिटी वाकनाघाट में AI और स्टोरीटेलिंग प्रतियोगिता का आयोजन

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जेपी यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (JUIT) में अपनी तरह की पहली अभिनव प्रतियोगिता JUIT: An AI Odyssey का सफल आयोजन किया। इस कार्यक्रम ने रचनात्मकता, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और इंटरएक्टिव स्टोरीटेलिंग को एक मंच पर लाकर तकनीकी नवाचार की नई मिसाल पेश की है।

प्रतियोगिता का मुख्य विषय एआई पात्रों और इंटरएक्टिव स्टोरीटेलिंग के माध्यम से उपयोगकर्ता को JUIT की कहानी का हिस्सा बनाना था। इसके तहत प्रतिभागियों को ऐसे डिजिटल अनुभव विकसित करने थे, जिससे उपयोगकर्ता JUIT में एक दिन का वर्चुअल अनुभव प्राप्त कर सकें। विद्यार्थियों ने संवादात्मक एआई, वॉइस सिंथेसिस और एनीमेशन जैसी उन्नत तकनीकों का उपयोग कर शानदार प्रोटोटाइप तैयार किए।

प्रतियोगिता में स्नातक, स्नातकोत्तर और शोधार्थियों की कुल 20 टीमों ने पंजीकरण कराया। छात्रों ने अपने विचारों को साकार करने के लिए ChatGPT, ElevenLabs, Midjourney, Runway और Unreal Engine जैसे विश्व स्तरीय एआई उपकरणों का उपयोग किया। कड़ी चयन प्रक्रिया के बाद पाँच टीमों को ग्रैंड फिनाले के लिए चुना गया, जिन्होंने प्रो. तीर्थ राज सिंह, डॉ. हरि सिंह और सौरव कुमार सिंह की मूल्यांकन समिति के समक्ष अपनी प्रस्तुतियाँ दीं।

प्रतियोगिता के समापन पर माननीय कुलपति प्रो. आर.के. शर्मा ने विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र वितरित किए। प्रथम पुरस्कार ‘Cognitive Creators’ टीम (सिद्धांत शर्मा, अंकुश भुनिया, विक्सित तरण और विशाल ठाकुर) ने अपनी उत्कृष्ट इमर्सिव स्टोरीटेलिंग के लिए जीता। द्वितीय पुरस्कार ‘Jaadoo’ टीम (कार्तिकेय भारद्वाज और आदित्य सिंह) को उनकी रचनात्मकता और तकनीकी निष्पादन के लिए दिया गया। वहीं तृतीय पुरस्कार ‘Llama 4.0’ (देवांश कालिया और अर्श शर्मा) तथा ‘RajmaChawal’ (नंदिनी गर्ग, सारवी शर्मा, सारांश अग्रवाल और खुशी गोयल) की टीमों को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया।

कुलपति प्रो. आर.के. शर्मा ने सभी प्रतिभागियों के नवाचारी प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा और प्रौद्योगिकी के भविष्य को आकार देने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और बहुविषयी नवाचार का महत्व लगातार बढ़ रहा है। कार्यक्रम का सफल समन्वयन पीएचडी शोधार्थियों श्री कुनाल और सुश्री अक्षिता चौधरी द्वारा एसोसिएट डीन (इनोवेशन) प्रो. तीर्थ राज सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।