JOA (Library) अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री से की मुलाकात, पदों की संख्या बढ़ाने की मांग उठाई

शिमला : हिमाचल प्रदेश में JOA (Library) भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों ने अपनी आवाज बुलंद कर दी है। आज शिमला में ‘JOA (Library) Student Association’ के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से उनके कार्यालय में मुलाकात की। यह भेंट हाल ही में 25 अप्रैल 2026 को आयोजित हुई ‘पोस्ट कोड 25024’ परीक्षा के संदर्भ में थी। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा, जिसमें भर्ती के पदों की संख्या को बढ़ाने की पुरजोर वकालत की गई।

अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में केवल 78 पदों को विज्ञापित किया गया है, जो कि प्रदेश के पुस्तकालय विज्ञान के प्रशिक्षित बेरोजगारों की संख्या को देखते हुए बहुत कम हैं। उन्होंने इस तथ्य पर जोर दिया कि हिमाचल प्रदेश में यह भर्ती करीब 17 साल के लंबे अंतराल के बाद, यानी वर्ष 2009 के बाद आयोजित की जा रही है। ऐसे में प्रदेश भर के स्कूलों और कॉलेजों में लाइब्रेरियन के सैकड़ों पद रिक्त पड़े हैं और मात्र 78 पदों पर भर्ती करना युवाओं के भविष्य के साथ न्याय नहीं होगा।

प्रतिनिधिमंडल ने चर्चा के दौरान यह महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की कि राज्य कैबिनेट द्वारा पहले ही लगभग 235 पदों को भरने की मंजूरी दी जा चुकी है, लेकिन विज्ञापन केवल सीमित पदों के लिए ही निकाला गया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने अभ्यर्थियों को बताया कि शिक्षा विभाग के स्तर पर भी लगभग 400 अतिरिक्त पदों पर भर्ती का मामला वर्तमान में विचाराधीन है। उन्होंने अभ्यर्थियों की मांग को तर्कसंगत बताते हुए इस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।

बैठक के बाद संघ के सदस्यों ने शिक्षा मंत्री के सकारात्मक रुख के लिए उनका आभार जताया। अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि राज्य सरकार उनकी जायज मांगों को स्वीकार करेगी और पदों की संख्या में वृद्धि कर उन योग्य युवाओं को अवसर प्रदान करेगी जो वर्षों से इस परीक्षा का इंतजार कर रहे थे। इस अवसर पर करण ठाकुर, हिमानी, राज, रीना, यमुना, अंकित, आरुषि नेगी, अर्चना रिकांग, दुष्यंत शर्मा सहित अन्य अभ्यर्थी मौजूद रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।