LR इंस्टीट्यूट्स सोलन में भव्य परियोजना प्रदर्शनी और पोस्टर प्रस्तुति का आयोजन

Photo of author

By Hills Post

सोलन: एल.आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स, इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, सोलन में विद्यार्थियों की रचनात्मकता और तकनीकी कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक भव्य परियोजना प्रदर्शनी एवं पोस्टर प्रस्तुति का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में संस्थान के इलेक्ट्रिकल, सिविल, कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग (CSE) तथा CSE (AI & ML) सहित विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया।

विद्यार्थियों ने अपने नवीन विचारों और आधुनिक तकनीकी अवधारणाओं पर आधारित कई कार्यशील मॉडल, अनूठे आविष्कार और विभिन्न तकनीकी विषयों पर आकर्षक पोस्टर तैयार कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इस कार्यक्रम में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), दिल्ली से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक और 47 वर्षों से अधिक का लंबा कार्य अनुभव रखने वाले प्रख्यात विशेषज्ञ टी.पी.एस. जस्सल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वर्तमान में वे हांगकांग स्थित एक प्रौद्योगिकी कंपनी में शेन्ज़ेन से मुख्य तकनीकी अधिकारी (CTO) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

उनके साथ विशेष अतिथि के रूप में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता इंजीनियर शुभम अग्रवाल ने भी शिरकत की। दोनों गणमान्य अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई सभी परियोजनाओं और पोस्टरों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और तकनीकी सूझबूझ की खुले दिल से सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य और नए स्टार्टअप्स के लिए कई महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक सुझाव दिए।

इस अवसर पर संस्थान के सभी विभागों के प्राचार्य, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का भ्रमण किया तथा प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया। संस्थान के प्राचार्य प्रो. डॉ. पी.पी. शर्मा और प्रबंध निदेशक डॉ. शचि सिंह ने भी सभी प्रोजेक्ट्स का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों के सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक रूप मिलने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास में भी उल्लेखनीय वृद्धि होती है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।