सोलन: चितकारा यूनिवर्सिटी परिसर में चल रहा प्रथम हिमाचल प्रदेश (ब्वॉयज) बटालियन एनसीसी का 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर सोमवार को पूरे उत्साह के साथ संपन्न हो गया। इस समापन समारोह में खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

शिविर के दौरान आयोजित वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, खो-खो और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं के विजेताओं और उपविजेताओं को पुरस्कार बांटे गए। इसके साथ ही फायरिंग और टैलेंट हंट प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले प्रतिभागियों को भी सराहा गया। इस मौके पर कैडेटों ने बेहतरीन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजीव थॉमस और एएसएम सुनील राणा ने सभी विजेता कैडेटों को पुरस्कार दिए। कर्नल राजीव थॉमस ने अपने संबोधन में युवाओं को भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना को हमेशा सर्वोपरि रखना चाहिए। उन्होंने शिविर को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारियों, पीआई स्टाफ और कैडेटों की मेहनत की तारीफ की और शिविर के सफल समापन की घोषणा की।