नाहन : पंजाब के पटियाला शहर से आए श्रद्धालुओं ने अपनी अटूट श्रद्धा और भक्ति का परिचय देते हुए 114 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर नाहन शहर के रानीबाग स्थित बाबा रैपा चौधरी जी के दरबार में हाजिरी भरी। श्रद्धालुओं ने नाहन पेट्रोल पंप से लेकर बाबा रैपा चौधरी दरबार तक साष्टांग नमन करते हुए अपनी धार्मिक यात्रा पूरी की।
श्रद्धालुओं का जत्था पटियाला से पैदल चलकर नाहन पहुंचा, जहां उन्होंने कठिन यात्रा के बावजूद पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ दरबार में माथा टेका। भक्तों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए बाबा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं की इस अनूठी यात्रा को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

रानीबाग स्थित बाबा रैपा चौधरी जी की गद्दी जाहरवीर गोगा जी महाराज से जुड़ा एक प्रमुख धार्मिक स्थल माना जाता है। मान्यता है कि बाबा रैपा चौधरी जी गोगा जी के दरबार के प्रमुख सिद्ध वीरों में से एक थे। स्थानीय लोककथाओं और भजनों में भी बाबा रैपा चौधरी जी का विशेष उल्लेख मिलता है तथा उनकी पैड़ी (गाथा भजन) श्रद्धापूर्वक गाई जाती है।
इस पवित्र स्थल पर समय-समय पर, विशेषकर प्रत्येक मंगलवार को, विशेष दरबार आयोजित किए जाते हैं, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचकर अपनी मन्नतें मांगते हैं। इसके साथ ही भण्डारों और धार्मिक आयोजनों का भी आयोजन किया जाता है। श्रद्धालुओं का कहना है कि बाबा रैपा चौधरी जी के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मुरादें पूरी होती हैं, जिसके चलते यहां श्रद्धालुओं का निरंतर आगमन बना रहता है।