संगड़ाह में विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार की अध्यक्षता में रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार की अध्यक्षता में खंड विकास अधिकारी कार्यालय संगड़ाह के पंचायत समिति सभागार में रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में क्षेत्र की चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन पर चर्चा की गई।

विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि रोगी कल्याण समिति की धनराशि का उपयोग क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में किया जाना चाहिए और इसके आय-व्यय का ब्यौरा पारदर्शिता के साथ रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए कार्यरत है और संगड़ाह के विकास के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।

उन्होने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र संगड़ाह को आदर्श सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का दर्जा देने का निर्णय लिया गया है, और इसे 6 बिस्तर की जगह 50 बिस्तर का कर दिया जाएगा। अस्पताल में शीघ्र ही एक्स-रे, सीटी स्कैन, अल्ट्रा साउंड और अल्ट्रा-लैब जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त, पुरानी डेंटल चेयर के स्थान पर नई डेंटल चेयर भी उपलब्ध करवाई जाएगी और अस्पताल की रिटेनिंग वॉल की मुरम्मत भी की जाएगी।

विधानसभा उपाध्यक्ष ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टर के 2 पदों को बढ़ाकर 10 पद कर दिया गया है और आउटसोर्स आधार पर नर्सों की भर्ती भी शीघ्र की जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल के स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता पर पूरा किया जाएगा और इसके लिए प्रदेश सरकार अथवा विधायक निधि से बजट का प्रावधान किया जाएगा।

डॉ. वैभव गोयल ने बैठक का संचालन करते हुए आगामी वित्त वर्ष के लिए 35 लाख 70 हजार 980 रुपये के बजट अनुमोदन के लिए समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। रोगी कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं उप-मंडलाधिकारी संगड़ाह सुनील कायथ और मुख्य चिकित्सा अधिकारी नाहन अजय पाठक ने विधानसभा उपाध्यक्ष को शाल और टोपी भेंट कर सम्मानित किया।

बैठक से पूर्व, विधानसभा उपाध्यक्ष ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र संगड़ाह का निरीक्षण किया और उपचाराधीन रोगियों का कुशलक्षेम जाना। बैठक में कांग्रेस मण्डल अध्यक्ष तपेन्द्र चौहान, पूर्व मण्डल अध्यक्ष दलीप चौहान, युवा कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ओम प्रकाश ठाकुर, खंड विकास अधिकारी संगड़ाह चिराग शर्मा, रोगी कल्याण समिति के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed