सोलन डाक मंडल में सुकन्या समृद्धि खाते खोलने पर विशेष जोर

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सोलन मंडल में “बालिका सशक्तिकरण – बालिका सम्मान” अभियान के तहत सुकन्या समृद्धि खाते खोलने की मुहिम चल रही है, जो 19 अगस्त 2024 से 14 सितंबर 2024 तक चलेगी। इस अभियान के अंतर्गत, जिला सोलन और सिरमौर में पात्र बालिकाओं के लिए सुकन्या समृद्धि खाते खोले जाएंगे। यह अभियान भारतीय डाक विभाग द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत चलाया जा रहा है, जिसे वर्ष 2015 में शुरू किया गया था।

सुकन्या समृद्धि योजना का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा, उच्च शिक्षा, और शादी के खर्च को पूरा करने के लिए माता-पिता को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। इस योजना के तहत, माता-पिता अपनी 10 वर्ष से कम आयु की बेटियों के लिए बचत खाता खोल सकते हैं। इस खाते में प्रति वर्ष ₹250 से ₹1.5 लाख तक की राशि जमा कराई जा सकती है, जिस पर सरकार द्वारा एक निश्चित दर पर चक्रवृद्धि ब्याज दिया जाता है।

सुकन्या योजना के तहत खोले गए खाते में खाताधारक को 15 साल तक निवेश करना अनिवार्य है। यदि माता पिता अपनी बेटी की उच्च शिक्षा के लिए इस खाते में जमा राशि को निकालना चाहते हैं तो कन्या की 18 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद जमा राशि का 50% निकाल सकते हैं। इस योजना में खाता खोलने के लिए बालिका का जन्म प्रमाण पत्र व् आधार कार्ड, माता/पिता का आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो दस्तावेजों की आवश्यकता पड़ेगी।

अधीक्षक डाकघर सोलन मंडल संदीप धर्माणी ने बताया कि सोलन मंडल 19 अगस्त से 14 सितम्बर तक “बालिका सशक्तिकरण बालिका सम्मान’ अभियान चला रहा है जिसके तहत जिला सोलन व् सिरमौर में सुकन्या समृद्धि खाते खोले जाने है। उन्होंने पात्र बालिकाओं के अभिभावकों से आग्रह किया है कि सोलन डाक मंडल के अंतर्गत किसी भी नज़दीकी डाकघर में सुकन्या समृद्धि का खाता खुलवाएं ताकि पात्र बालिकाओं को सशक्त करने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा जारी इस योजना का लाभ मिल सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed