जल शक्ति विभाग में 10 हजार भर्तियां होंगी -मुकेश अग्निहोत्री

Photo of author

By पंकज जयसवाल

मंडी, 20 जनवरी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार बेरोजगार युवाओं को न्याय देने के लिए प्रतिबद्ध है। जल्द ही विभागों में नई भर्तियां की जाएंगी। अकेले जलशक्ति विभाग में ही 10 हजार लोग रखे जाएंगे। इससे गांव में जल शक्ति की हर स्कीम पर कर्मचारी उपलब्ध होगा। मुकेश अग्निहोत्री मंडी जिला की बल्ह विधानसभा की ग्राम पंचायत सरध्वार के गांव घौड़ में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर लोगों की समस्याओं को सुना और उनका मौके पर निपटारा किया। उन्होंने सरध्वार पंचायत खेल मैदान के लिए 10 लाख रुपये और नया पटवार खाना खोलने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम अभी शुरुआती दौर में है। समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंच कर सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए इसे गति और सही आकार दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याओं के निपटारे के लिए धरातल पर काम करने के निर्देश दिए।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बीते मानसून में प्रदेश में आई भयंकर आपदा में केंद्र सरकार से मदद नहीं मिली। केंद्र की भाजपा सरकार ने प्रदेशवासियों की खबर नहीं ली। प्रदेश के भाजपा नेताओं ने दिल्ली जाकर हिमाचल के पैसे रोकने का काम किया। भाजपा नेता काम रोकने के लिए दिल्ली जाते हैं। आपदा राहत के लिए जब केन्द्र की सहायता के लिए विधानसभा के प्रस्ताव लाया गया तो भाजपा नेताओं ने विरोध किया। उनके द्वारा जलशक्ति विभाग की ही 3000 करोड़ की प्रोपोजल रोकी गई हैं। वाटर सैस लगाने का विरोध कर रहे है।। उतराखंड और जम्मु कश्मीर की सरकार सैस लगाती है तो विरोध नही किया।लेकिन हिमाचल सरकार ने अपने संसाधनों से 4500 करोड़ रुपये का विशेष आपदा पैकेज बनाया। जिला मंडी में पिछली बरसात में आई भयंकर आपदा में राहत के तौर पर अभी तक 63 करोड़ रुपये की राहत राशि वितरित की जा चुकी है। जिला में हर प्रभावित को राहत प्रदान करना सुनिश्चित किया गया है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।