नाहन : पुलिस थाना राजगढ़ की टीम ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हलोनीपुल में एक मीट शॉप से 12 बोतल देसी शराब बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम 13 सितंबर को गश्त के दौरान हलोनीपुल क्षेत्र में मौजूद थी। उसी समय पुलिस को गुप्त सूचना के माध्यम से जानकारी मिली कि विवेक ठाकुर पुत्र सुरेंद्र ठाकुर, निवासी गांव हलोनीपुल (डाकघर व तहसील राजगढ़, जिला सिरमौर) अवैध रूप से शराब बेचने का धंधा करता है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी की मीट शॉप पर छापेमारी की और दुकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान के अंदर से 12 बोतल देसी शराब बरामद की गई, जिसे पुलिस ने तुरंत अपने कब्जे में ले लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपी विवेक ठाकुर के खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगामी छानबीन जारी है।