नाहन: जिला मुख्यालय नाहन के व्यस्ततम शिमला रोड पर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग स्थानीय राहगीरों और स्कूली बच्चों के लिए गंभीर खतरा बनी हुई है। रेलिंग के ऊपर नुकीले व कंटीली बनावट वाले लोहे के हिस्से निकले हुए हैं और बीच में सुरक्षात्मक लोहे की पत्तियाँ नहीं लगी हैं। इससे हर समय किसी बच्चे या राहगीर के रेलिंग से टकराकर गंभीर रूप से चोटिल होने का डर बना रहता है।
ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी सिरमौर के अध्यक्ष ईशान राव ने तस्वीर साझा करते हुए इस गंभीर समस्या की ओर प्रशासन और नगर परिषद का ध्यान आकर्षित किया है। ईशान राव ने बताया कि इस रेलिंग पर कंटीले और नुकीले हिस्सों से सुरक्षा के लिए मज़बूत लोहे की पत्ती लगाने की मांग वर्ष 2018 से लगातार की जा रही है। लेकिन बेहद दुखद है कि पिछले कई सालों में कई बार आग्रह के बावजूद आज तक इस स्थान पर रेलिंग पर सुरक्षा पत्तियाँ नहीं लगाई गईं।

यह असुरक्षित और कंटीली रेलिंग मुख्य शिमला रोड पर स्थित है, जहाँ से दिन-रात वाहनों और पैदल चलने वालों की आवाजाही रहती है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस मार्ग के बिलकुल समीप सिरमौर हिल्स स्कूल स्थित है। छुट्टी और स्कूल आने के समय सैकड़ों छोटे-छोटे मासूम बच्चे इसी रास्ते से होकर गुजरते हैं। बच्चों के खेलते-कूदते समय इस नुकीली रेलिंग की चपेट में आने का खतरा सबसे ज्यादा रहता है।
ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी के अध्यक्ष ईशान राव ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही मौके का मुआयना कर इस रेलिंग पर सुरक्षात्मक पत्तियाँ नहीं लगवाईं, तो कोई भी बच्चा या राहगीर इस नुकीली रेलिंग से टकराकर बड़े हादसे का शिकार हो सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन एवं नगर परिषद नाहन से मांग की है कि किसी अनहोनी का इंतज़ार किए बिना प्राथमिकता के आधार पर रेलिंग को ढंकने के लिए लोहे की पत्तियाँ लगवाई जाएं।