कालाअंब में आधी रात को बवाल: अम्बाला से लौट रहे नाहन के व्यक्ति से शर्मा ढाबे के बाहर मारपीट

नाहन : सिरमौर जिले के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में दो कार सवार युवकों द्वारा शराब के नशे में एक व्यक्ति के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी अपनी कार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाहन के गुन्नूघाट निवासी राजीव अरोड़ा ने पुलिस थाना कालाअंब में इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि बीते कल (6 जुलाई) को वह अपने निजी काम से अंबाला से वापस नाहन लौट रहा था। रात करीब 12:15 बजे उसने खाना खाने के लिए अपनी गाड़ी को कालाअंब के मैनथापल स्थित शर्मा ढाबे के बाहर सड़क के किनारे पार्क किया।

पीड़ित राजीव अरोड़ा ने बताया कि जब वह अपनी गाड़ी खड़ी करके पास में ही खड़ा था, तभी एक ऑल्टो कार में सवार दो व्यक्ति वहाँ पहुंचे। दोनों आरोपी शराब के नशे में पूरी तरह धुत थे। उन्होंने अपनी कार को बैक किया और शिकायतकर्ता की गाड़ी के आगे ले जाकर अड़ा दिया। इसके बाद दोनों व्यक्ति कार से नीचे उतरे और बिना किसी वजह के राजीव अरोड़ा के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने पीड़ित को सरेआम जान से मारने की धमकियां भी दीं। मौके पर माहौल बिगड़ता देख दोनों आरोपी अपनी ऑल्टो कार को ढाबे के बाहर ही छोड़कर वहां से रफूचक्कर हो गए।

एसपी निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना कालाअंब में पीड़ित की शिकायत पर दोनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मौके से आरोपियों की कार को अपने कब्जे में ले लिया है और गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है। मामले में आगामी जांच जारी है और जल्द ही दोनों हुड़दंगियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।