कालाअंब में चाय के खोखे में बिक रही थी अवैध शराब, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के तहत पडने वाले जोहड़ों क्षेत्र में पुलिस टीम ने चाय की दुकान की आड़ में चल रहे अवैध शराब के कारोबार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक चाय के खोखे से 7 बोतल देशी शराब बरामद की है।

मिली जानकारी के अनुसार, बीते कल पुलिस थाना कालाअंब की टीम गश्त और चेकिंग के दौरान जोहड़ों क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि निरंजन कुमार (पुत्र शोखी राम, निवासी मकान नं. 204, वार्ड नं. 04, सरकारी पेट्रोल पंप के पास, नारायणगढ़, जिला अंबाला) जोहड़ों में अपनी चाय-खोखे की आड़ में अवैध रूप से शराब बेचने का काम करता है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए संबंधित चाय के खोखे पर अचानक दबिश दी। दुकान की तलाशी लेने पर अंदर छिपाकर रखी गई 7 बोतल देशी शराब बरामद हुई। आरोपी मौके पर शराब बेचने से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज़ पेश नहीं कर सका।

मामले की पुष्टि करते हुए SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना कालाअंब में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आगामी कानूनी कार्रवाई व जांच शुरू कर दी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।