कालाअंब में बरसाती नाले में चप्पल निकालने गया था मासूम, डूबने से 12 साल के बच्चे की मौत

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के रामपुर जट्टान में मंगलवार को एक बेहद हृदयविदारक हादसा सामने आया है। यहां एक बरसाती नाले में चप्पल निकालने के प्रयास में 12 वर्षीय मासूम अमरजीत गहरे पानी में डूब गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और NDRF की टीम ने संयुक्त रूप से व्यापक खोज अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और NDRF की टीम ने बच्चे का शव बरामद कर लिया है, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिहार के वैशाली जिले के रहने वाले धर्मेंद्र अपने परिवार के साथ रामपुर जट्टान में रहते हैं। मंगलवार को सुबह उनका 12 वर्षीय बेटा अमरजीत कुमार अपने एक अन्य साथी के साथ घर के समीप स्थित बरसाती नाले के पास गया था।

बताया जा रहा है कि नाले में नहाते समय अमरजीत की चप्पल नाले में छूट गई । जब वह अपनी चप्पल को पानी से बाहर निकालने का प्रयास कर रहा था, उसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव तथा गहरे पानी की चपेट में आ गया। साथी बच्चे को डूबता देख दूसरे बच्चे ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर एकत्र हुए।

घटना की सूचना तुरंत कालाअंब पुलिस को दी गई। मामला गंभीर होने और बरसाती नाले में पानी के तेज बहाव व गहराई को देखते हुए तुरंत NDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और NDRF के जवानों ने नाले के तेज बहाव के बीच जोखिम उठाते हुए सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत और पानी के भीतर की गई सघन तलाश के बाद आखिरकार टीम ने अमरजीत के शव को नाले से बाहर निकाला। हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी और मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी।

शव बरामद होते ही मासूम अमरजीत के परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी व पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस दुखद हादसे के बाद पुलिस व स्थानीय प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि मानसून के दौरान बरसाती नालों, खड्डों और नदियों के किनारे विशेष सावधानी बरतें। प्रशासन ने अभिभावकों से भी आग्रह किया है कि वे अपने बच्चों को ऐसे जलभराव वाले और खतरनाक बरसाती नालों के पास अकेले न जाने दें, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।