सोलन: जिला सोलन में नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत पुलिस थाना कुनिहार की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जाडली क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक ऑल्टो कार से चार युवकों को चिट्टे (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों में से तीन मंडी जिला के करसोग और एक शिमला जिला का रहने वाला है।

पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक कार में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जाडली में नाका लगाया गया। ऑल्टो कार की तलाशी लेने पर युवकों के कब्जे से 3.83 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई ऑल्टो कार को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए युवकों में आदित्य शर्मा (31 वर्ष), निवासी चुराग, तहसील करसोग (मंडी), सौरभ (31 वर्ष), निवासी चुराग, तहसील करसोग (मंडी), गौरव (35 वर्ष), निवासी चुराग, तहसील करसोग (मंडी) व इंद्र सिंह (39 वर्ष), निवासी कमलाटू, तहसील व जिला शिमला शामिल हैं।
कुनिहार पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इन आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किसी बड़े ड्रग सप्लाई नेटवर्क से तो नहीं जुड़े हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाहरी जिलों से आकर सोलन के सीमावर्ती क्षेत्रों में नशा बेचने वालों पर पुलिस की विशेष नजर है। मामले की आगामी जांच जारी है।