कुल्लू में स्कूल से घर लौट रही अध्यापिकाओं की कार पर गिरा पेड़, चार की मौत, तीन घायल

कुल्लू : आनी उपमंडल में शनिवार को एक हृदयविदारक हादसा पेश आया है। शमशर के पास एक चलती कार पर अचानक विशालकाय पेड़ गिर जाने से वाहन में सवार चार महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। इस भीषण दुर्घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल आनी में भर्ती करवाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी महिलाएं स्कूल अध्यापिकाएं थीं, जो स्कूल से छुट्टी के बाद आनी की ओर लौट रही थीं।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना के समय कार (वाहन चालक सहित) में कुल 07 लोग सवार थे। अचानक हुए इस घटनाक्रम में चार महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चालक और दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।

इस दुखद दुर्घटना में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान स्नेह लता (38) निवासी पारलीधार, बंती कौंडल (54) निवासी लामीसेरी, उषा कुमारी (43) निवासी तराला और सीमा आजाद (54) निवासी रोपड़ी के रूप में हुई है। ये सभी आनी क्षेत्र की रहने वाली थीं। हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और अस्पताल परिसर में परिजनों व स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है।

हादसे में घायल हुए लोगों में वाहन चालक सुरेश चंद (42) निवासी रोपड़ी, तारा देवी (47) निवासी रोपड़ी और रीना कुमारी (40) निवासी सरकाघाट (मंडी) शामिल हैं। डॉक्टरों की टीम घायलों को बेहतर उपचार देने में जुटी है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई है और प्रभावितों को नियमानुसार फौरी राहत प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।